चिकनीपाली और छिन्दपुर अस्पतालों को राष्ट्रीय गुणवत्ता अवार्ड, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित

कोरबा।जिले के दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, करतला विकासखंड के चिकनीपाली और कटघोरा विकासखंड के छिन्दपुर, ने उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाण पत्र प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

भारत सरकार की राष्ट्रीय गुणवत्ता टीम ने चिकनीपाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का 30 और 31 जुलाई को निरीक्षण किया, जहां 6 विभागों की सुविधाओं और रखरखाव की गुणवत्ता के आधार पर इसे 87.93 प्रतिशत अंकों के साथ एनक्यूएएस प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

इसी तरह, छिन्दपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने 15 जुलाई को हुए निरीक्षण में 86.86 प्रतिशत अंक हासिल कर यह प्रतिष्ठित प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

कलेक्टर अजीत वसंत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने दोनों अस्पतालों की इस उपलब्धि पर गर्व जताया और डॉक्टरों व स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये केंद्र आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।