रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत शिक्षकों को प्रगणक और पर्यवेक्षक के रूप में ड्यूटी पर लगाया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर अपने-अपने जिलों से उपयुक्त कर्मचारियों की जानकारी भेजने को कहा है।
18 बिंदुओं में मांगी गई कर्मचारियों की जानकारी
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) और प्राचार्यों से शिक्षा विभाग में कार्यरत द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की 18 बिंदुओं में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि यह जानकारी अधूरी भेजी गई, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
2021 में टली थी जनगणना
उल्लेखनीय है कि देश में अंतिम जनगणना वर्ष 2011 में हुई थी। वर्ष 2021 में कोविड-19 महामारी के कारण जनगणना कार्य संभव नहीं हो सका और यह लगातार टलता रहा। अब ऐसी संभावना जताई जा रही है कि यदि सब कुछ ठीक रहा, तो जनवरी 2026 से यह महत्वपूर्ण कार्य शुरू हो सकता है।
विभागों से मांगी गई कर्मचारियों की सूची
जनगणना के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तय करने के लिए विभिन्न विभागों से उपयुक्त कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। शिक्षा विभाग इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल है और सभी जिलों से कर्मचारियों का विवरण एकत्र किया जा रहा है। यह कदम जनगणना को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए उठाया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

