कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सरहदी थाने में ‘नियम-कायदों’ की जगह ‘गांधी की छाप’ चलने की चर्चा जोरों पर है। स्थानीय लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि यहां कानून की किताबें छुट्टी पर हैं, और ‘गांधी महाराज’ ड्यूटी पर हैं। ताजा मामला कोल लिफ्टर हत्या कांड से जुड़ा है, जिसमें कोर्ट की सख्त फटकार के बावजूद साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के असिस्टेंट जनरल मैनेजर (एजीएम) पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
कोर्ट का आदेश, फिर भी पुलिस खामोश
सूत्रों के अनुसार, कोल लिफ्टर हत्या कांड में कोर्ट ने पुलिस को कड़ी फटकार लगाई थी, लेकिन इसके बावजूद एसईसीएल के एजीएम के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन हुआ, न ही मामले में गंभीर खोजबीन की गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाने में ‘प्रोटेक्शन मनी’ की कथित परंपरा ने पुलिस के हाथ-पैर बांध रखे हैं। कहा जा रहा है कि पुलिस इस इंतजार में है कि आरोपी जमानत ले ले, ताकि मामला ठंडा पड़ जाए।
पुराने किस्सों की गूंज
पहले भी कोरबा में पुलिस की कार्यशैली चर्चा का विषय रही है। एक मामले में कोल माफियाओं की शह पर एक नौजवान को भगोड़ा घोषित कर उसकी तस्वीर शहर के चौक-चौराहों और एटीएम पर चिपका दी गई थी। अब गंभीर हत्या कांड में कोर्ट के आदेश के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता से लोग हैरान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जीरो टॉलरेंस की नीति सिर्फ कागजों तक सीमित है, और पुलिस महकमा इस खेल का मूक दर्शक बना हुआ है।
‘प्रोटेक्शन मनी’ की चर्चा से गरमाया माहौल
शहर में यह चर्चा आम है कि थाने में नियमों और कानून की धाराओं से ज्यादा ‘प्रोटेक्शन मनी’ का बोलबाला है। थाने के कर्मचारी भी इस बात से वाकिफ हैं, लेकिन चुप्पी साधे हुए हैं। एक स्थानीय निवासी ने तंज कसते हुए कहा, “यहां कानून की किताबें धूल खा रही हैं, और गांधी महाराज का सिक्का चल रहा है।”
पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल
कोल लिफ्टर हत्या कांड में पुलिस की निष्क्रियता ने कई सवाल खड़े किए हैं। क्या ‘प्रोटेक्शन मनी’ की कथित परंपरा के कारण पुलिस बड़े लोगों पर हाथ डालने से कतरा रही है? क्या जीरो टॉलरेंस की नीति सिर्फ दिखावा है? इन सवालों का जवाब जनता को इंतजार है, लेकिन फिलहाल कोरबा की जनता पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

