कटघोरा जंगल में हथिनी ने दिया नन्हा मेहमान को जन्म, हाथियों की संख्या अब 67

कोरबा। कटघोरा वन मंडल के कोरबी चोटिया क्षेत्र में एक मादा हथिनी ने 9 सितंबर, मंगलवार को सखोदा जंगल में एक स्वस्थ बेबी एलिफेंट को जन्म दिया। इस खुशखबरी के साथ ही क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथियों की संख्या 66 से बढ़कर 67 हो गई है।

वन विभाग सतर्क, डीएफओ ने लिया जायजा

जानकारी मिलते ही डिवीजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) कुमार निशांत ने केंदई रेंज के सखोदा गांव का दौरा किया और नवजात बेबी एलिफेंट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिक्षेत्र सहायक सुनील डीक्सेना, पंकज खैरवार, प्रीतम पुराइन और अन्य अधिकारियों को सतर्क रहने और स्थिति पर नजर रखने के सख्त निर्देश दिए।

परिक्षेत्र सहायक ने दी जानकारी

कोरबी परिक्षेत्र सहायक सुनील डीक्सेना ने बताया कि सखोदा बीट जंगल में 26 हाथियों के झुंड में शामिल एक मादा हथिनी ने दोपहर में एक स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया। जन्म के बाद हथिनी का आंवर (प्लेसेंटा) भी मौके से बरामद किया गया। इस नए मेहमान के आगमन से कटघोरा वन मंडल में हाथियों की कुल संख्या अब 67 हो गई है।

वन्यजीव संरक्षण में वन विभाग की सक्रियता

नवजात बेबी एलिफेंट और उसके झुंड की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने तत्काल कदम उठाए हैं। डीएफओ के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है ताकि मां और नवजात की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह घटना वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन के लिए सकारात्मक संदेश देती है।