कोरबा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने कोरबा जिला प्रवास के दौरान जिला कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कई हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री ने पंचायत, रेशम, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी विकास, श्रम, और नगरीय प्रशासन विभागों की योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की, साथ ही एनटीपीसी और एसईसीएल के सीएसआर कार्यों की प्रदर्शनी का भी जायजा लिया।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल पर पीएम जनमन आवास योजना के तहत पहाड़ी कोरवा वर्ग की अजगरबहार निवासी सुमत्री बाई और ग्राम चुईया के अमर सिंह कोरवा को आवास की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ग्राम कुरूडीह के परदेशी राम यादव और ग्राम भैसमा के रामबंधु को भी आवास की चाबी प्रदान की गई।
रेशम विभाग के स्टॉल पर कोरबा निवासी शत्रुघन केंवट को कोसा उत्पादन के लिए 3 लाख 27 हजार रुपये का चेक दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के तहत तुमान करतला की सविता पटवा (मां सर्वमंगला स्व-सहायता समूह) को 1 लाख 20 हजार रुपये का ऋण प्रदान किया गया।
आदिवासी विकास विभाग के तहत कोरबा जिले के बिरहोर वर्ग के मोटू, घसनीन और सुरगुजहीन बाई को वन अधिकार मान्यता पत्र वितरित किए गए।
श्रम विभाग की मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत पोंड़ीबहार निवासी राजकुमार टेकाम और पुरानी बस्ती निवासी सावित्री सिंह (पति स्व. कर्नल सिंह बैंस) को 1-1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
नगरीय प्रशासन विभाग के स्टॉल पर तब्बसुम खातुन और भान कुमारी साहू को पीएम आवास (शहरी) योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई। साथ ही, विमलेश यादव और गौरी राजवाड़े को शहरी आवास 2.0 निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र, नक्शा और भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए।
सीएसआर गतिविधियों का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने बालको के स्टॉल पर सीएसआर मद से किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली, जिसमें महिला सशक्तिकरण, पोषण विकास, युवाओं का कौशल उन्नयन, छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति विकास, मोर जल मोर माटी कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां शामिल थीं। इसके अलावा, एनटीपीसी और एसईसीएल के स्टॉलों पर भी सीएसआर के तहत किए गए कार्यों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
विकास योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री के इस दौरे से कोरबा जिले में विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन और हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता जाहिर हुई। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















