कोल इंडिया के नए चेयरमैन के चयन की प्रक्रिया शुरू, 20 सितंबर को होगा साक्षात्कार

कोरबा।कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के नए चेयरमैन के चयन को लेकर कवायद तेज हो गई है। पब्लिक एंटरप्राइजेस सेलेक्शन बोर्ड (पीईएसबी) ने इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया है, और इसके लिए चयनित उम्मीदवारों का साक्षात्कार 20 सितंबर 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित होगा। साक्षात्कार के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कोल इंडिया का अगला चेयरमैन कौन होगा।

वर्तमान चेयरमैन श्री पी.एम. प्रसाद का कार्यकाल 31 अक्टूबर 2025 को समाप्त हो रहा है। पीईएसबी द्वारा चयनित उम्मीदवारों में कोल सेक्टर के साथ-साथ अन्य प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों जैसे एनएमडीसी, नालको, इंडियन ऑयल, और पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। सूचीबद्ध उम्मीदवारों में मुकेश चौधरी (डायरेक्टर मार्केटिंग, कोल इंडिया लिमिटेड), इंद्र देव नारायण (सीएमडी, एमईसीएल), बी. साईराम (सीएमडी, एनसीएल), नीलेंदु कुमार सिंह (सीएमडी, सीसीएल), पंकज कुमार शर्मा (डायरेक्टर प्रोडक्शन, नालको), विश्वनाथ सुरेश (डायरेक्टर कमर्शियल, एनएमडीसी), विनय कुमार (डायरेक्टर टेक्निकल, एनएमडीसी), अनुज जैन (डायरेक्टर फाइनेंस, इंडियन ऑयल), हेमंत कुमार दास (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रोजेक्ट्स, पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन), आलोक सिंह (प्रिंसिपल कमिश्नर, आयकर विभाग, राजकोट), और डॉ. पुड़ी हरिप्रसाद (चीफ एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिसर, रेलवे कोयला ऊर्जा) शामिल हैं।

साक्षात्कार के बाद पीईएसबी द्वारा अनुशंसित उम्मीदवार का नाम कोल इंडिया के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के पद के लिए अंतिम मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। यह चयन प्रक्रिया कोल इंडिया के भविष्य के नेतृत्व को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जो विश्व की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है।