जनदर्शन में नौकरी, आवास, मुआवजा, बिजली और सड़क सहित कई मुद्दे पहुंचे; अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने सरपंचों को निर्देश
कोरबा। ‘कैसे हो दीदी… बताओ कका’ जैसे आत्मीय संबोधनों के साथ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को जनदर्शन में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। शिकायतों और मांगों के बीच सहज संवाद का माहौल बना तो लोगों ने भी खुलकर अपनी बात रखी। किसी ने रोजगार की उम्मीद जताई, तो किसी ने आवास, मुआवजा, बिजली और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। जनदर्शन में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में शासकीय नौकरी की मांग लेकर पहुंची एक महिला को कलेक्टर ने भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के विकल्प सुझाए। उन्होंने बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की संभावनाएं बताईं। महिला की सहमति पर जिला पंचायत सीईओ को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आवास से मुआवजे तक, पहुंचे अलग-अलग मामले
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, बसाहटों में मूलभूत सुविधाएं, नगर निगम क्षेत्र में पट्टा सर्वे से जुड़ी दावा-आपत्तियां, बिजली बिल सुधार, विद्युत लाइन, आरबीसी 6-4 के तहत सहायता और पुल-पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन मिले।
कलेक्टर ने आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जांच और निराकरण के निर्देश दिए। जरूरत के मुताबिक एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर भी चर्चा की। साइबर ठगी के एक पीड़ित ने खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने डिजिटल लेनदेन में सतर्कता बरतने, ओटीपी साझा नहीं करने और अनजान लोगों के कहने पर वित्तीय लेनदेन से बचने की सलाह दी।
अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
लबेद, बक्साही, अरसिया और रजगामार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों से जुड़े आवेदन सौंपे। कलेक्टर ने पूर्व में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा। जिन कार्यों की प्रगति स्पष्ट नहीं थी, उनकी तस्वीरें मंगाकर वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सरपंचों से कहा कि पूर्व में स्वीकृत कार्यों को पूरा करने के बाद नए विकास कार्यों पर भी आगे विचार किया जा सकेगा।
जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
