जनजातीय विरासत,शौर्य और प्रकृति से जुड़ाव का संदेश, मिनीमाता महाविद्यालय में कार्यशाला आयोजित

कोरबा। जनजातीय संस्कृति केवल परंपराओं और रीति-रिवाजों का संग्रह नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य, आत्मसम्मान, सामुदायिक जीवन और सांस्कृतिक अस्मिता की पहचान है। जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संघर्ष और जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को परिचित कराने के उद्देश्य से शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में जनजातीय गौरव वर्ष 2026-27 के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। सोमवार को सुबह 11:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रघुराज सिंह उइके रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने की।

मुख्य वक्ता रघुराज सिंह उइके ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, बलिदान, शौर्य और स्वाभिमान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा हमें अपनी संस्कृति और अस्मिता पर गर्व करना सिखाती है। भगवान बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों का संघर्ष और योगदान आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी विरासत को समझना और आगे बढ़ाना आवश्यक है।

प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने कहा कि जनजातीय गौरव वर्ष अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और विरासत को समझने का अवसर है। छात्राओं को जनजातीय परंपराओं, लोककला और जीवन मूल्यों से परिचित होकर इन्हें संरक्षित करने की दिशा में जागरूक होना चाहिए।

पुष्पराज सिंह ठाकुर ने कहा कि जनजातीय संस्कृति प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने वाली संस्कृति है। प्रकृति के संरक्षण, परंपराओं के सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। दीपक सिंह ने वनवासी समाज की सेवा, शिक्षा और संस्कार को जनजातीय गौरव का महत्वपूर्ण आधार बताया।

लोकनृत्य, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों ने बांधा समां
कार्यशाला में छात्राओं ने जनजातीय लोकनृत्य और गीतों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

जनजातीय कला प्रदर्शनी में चित्रकला, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को प्रदर्शित किया गया। वहीं, जनजातीय व्यंजनों की प्रदर्शनी ने आयोजन को सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक स्वाद से समृद्ध किया।

कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती अमिता सक्सेना, विभागाध्यक्ष प्राणीशास्त्र रहीं। सह संयोजक डॉ. श्रेणी दिवाकर, विभागाध्यक्ष रसायन एवं अनिमा तिर्की, क्रीड़ा अधिकारी ने आयोजन में सहयोग दिया।