निर्माण से पहले भुगतान जारी करने का दावा, शिकायत के बाद शुरू हुए काम की गुणवत्ता पर भी सवाल
कोरबा। करतला ब्लॉक की ग्राम पंचायत केराकछार में 33 पशुशेड निर्माण कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर की गई शिकायत की जांच प्रक्रिया पर ही सवाल उठने लगे हैं। शिकायतकर्ता ने जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन से पुन: शिकायत कर आरोप लगाया है कि जांच में शिकायत के प्रमुख बिंदुओं का स्वतंत्र और वस्तुनिष्ठ परीक्षण नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए आरोपों से जुड़े जनपद पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों के तंत्र के माध्यम से जांच कराए जाने पर आपत्ति जताई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2023-24 में स्वीकृत 33 पशुशेड निर्माण कार्यों में स्वीकृति,ग्रामसभा चयन, मस्टररोल,भुगतान,माप पुस्तिका,जियो टैगिंग और वेंडर के माध्यम से राशि के कथित दुरुपयोग जैसे गंभीर बिंदु उठाए गए थे। लेकिन जांच प्रतिवेदन में इनका स्वतंत्र सत्यापन नहीं किए जाने का आरोप है।
निर्माण से पहले भुगतान, शिकायत के बाद शुरू हुए काम
पुन: शिकायत में 10 फरवरी 2026 को किए गए भुगतान को प्रमुख आधार बनाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि 33 हितग्राहियों के नाम पर लगभग 20.13 लाख रुपए एक ही वेंडर को भुगतान किए गए, जबकि शिकायत के बाद कम से कम चार पशुशेड के पक्का फर्श और कोटना निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इन कार्यों के जियो टैग फोटो भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि यदि निर्माण कार्य पहले से पूर्ण या प्रगतिशील दर्ज थे, तो शिकायत के बाद निर्माण शुरू होने की स्थिति कैसे बनी।
निर्माण के मापदंड और जांच प्रक्रिया पर भी आपत्ति
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायत से पहले 33 पशुशेड की वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन नहीं किया गया और शिकायत के बाद शुरू हुए कुछ निर्माण कार्य भी निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं हैं। जांच के दौरान शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति में प्रतिवेदन तैयार किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई है। वहीं, जांच प्रतिवेदन में शामिल कई हितग्राहियों के बयान लगभग एक जैसे होने का दावा करते हुए उनके बयान स्वतंत्र रूप से दर्ज किए जाने की पुष्टि कराने की मांग की गई है।
वेंडर के दस्तावेजों की जांच की मांग
पुन: शिकायत में राजवाड़े ट्रेडर्स और उसके प्रोपराइटर प्रवीण राजवाड़े की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है।शिकायतकर्ता ने जीएसटी बिल, स्टॉक रजिस्टर ई-वे बिल, सामग्री आपूर्ति,भुगतान अभिलेख और मौके पर हुए वास्तविक निर्माण का मिलान कराकर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग जिला पंचायत सीईओ से की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
