कुदमुरा के आमा डुगरु जंगल में 11 हाथियों का दल मौजूद,शोर मचाने पहुंचे ग्रामीणों के सामने अचानक आक्रामक हुआ हाथी
कोरबा। हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर लेकर जंगल में घुसे ग्रामीणों को उस वक्त लेने के देने पड़ गए, जब एक गुस्साए हाथी ने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर के अगले हिस्से को पकड़कर जोरदार तरीके से झकझोर दिया। हमले में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार ग्रामीणों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि सभी ग्रामीण सुरक्षित बच निकले। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी का आक्रामक व्यवहार और ट्रैक्टर को झकझोरने का दृश्य दिखाई दे रहा है।

घटना कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा परिसर के आमा डुगरु जंगल की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल में हाथियों को भगाने पहुंचे थे। वे वाहन से शोर मचाकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक हाथी अचानक उनकी ओर बढ़ा और ट्रैक्टर के अगले हिस्से को सूंड से जकड़कर झकझोरने लगा। हाथी के इस अप्रत्याशित हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर जागर सिंह राठिया का है।
चंद सेकंड में हो सकता था बड़ा हादसा
ट्रैक्टर में ग्रामीण सवार थे और सामने आक्रामक हाथी। हाथी ने जिस तरह वाहन के अगले हिस्से को पकड़कर झकझोरा, उससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। जंगल का ऊबड़-खाबड़ रास्ता और अचानक हमला, ऐसे में ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने या किसी ग्रामीण के नीचे गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, इस घटना में कोई ग्रामीण घायल नहीं हुआ। ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी की जान बच गई।
11 हाथियों का दल, शावक भी साथ
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 18 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। घटना वाले इलाके में 11 हाथियों का दल मौजूद है, जिसमें एक नन्हा शावक भी शामिल है। शावक के साथ मौजूद हाथियों के करीब जाकर शोर मचाना या उन्हें भगाने की कोशिश करना बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में ग्रामीणों का स्वयं जंगल के भीतर जाकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास खतरे को बढ़ा सकता है।
ट्रैक्टर बचा, लेकिन खतरा टला नहीं
इस घटना में ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन ग्रामीणों की जान बच गई। हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में उन्हें नजदीक से भगाने की कोशिश कई बार गंभीर परिस्थितियां पैदा कर सकती है। आमा डुगरु जंगल की घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों के करीब जाने से बचने और वन विभाग के मार्गदर्शन में ही हाथियों से संबंधित गतिविधियों को संभालने की जरूरत को उजागर किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
