लोकड़हा में खेत की मेड़ पर हुआ हादसा, फेंसिंग तार में बिजली प्रवाहित होने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोकड़हा में खेत की मेड़ पर लगी फेंसिंग तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत में लगाए गए तार में बिजली प्रवाहित होने के कारण युवक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान कृष्ण कुमार एक्का, पिता धनिराम एक्का, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम लोकड़हा, थाना पसान, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रामायण सिंह मरकाम के खेत की मेड़ के पास हुई, जहां फेंसिंग के लिए तार लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इसी तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 23 नवंबर को सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिलने पर पसान पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मर्ग क्रमांक 135/2026 कायम किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस रिकॉर्ड में मौत का प्रारंभिक कारण बिजली करंट लगना दर्ज किया गया है।
फेंसिंग तार में करंट पहुंचने का कारण जांच के दायरे में
घटना के बाद खेतों में लगाए जाने वाले फेंसिंग तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खेत की मेड़ पर लगाए गए तार में बिजली प्रवाहित कैसे हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। तार में करंट किसी तकनीकी खराबी, विद्युत कनेक्शन अथवा अन्य कारण से पहुंचा, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही सामने आएगी।
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक व्याप्त है। पसान पुलिस घटना की परिस्थितियों और करंट लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
