कोरबा ब्लॉक स्तरीय खेल महोत्सव में 11 पारंपरिक खेलों का आयोजन,नई पीढ़ी को ग्रामीण खेल परंपराओं से जोड़ने की पहल
कोरबा।मोबाइल और डिजिटल मनोरंजन के दौर में जब पारंपरिक खेल धीरे-धीरे बच्चों की दिनचर्या से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे में कोरबा में आयोजित विकासखंड स्तरीय खेल महोत्सव ने पुरानी खेल परंपराओं को फिर से जीवंत करने का प्रयास किया। विद्युत गृह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, कोरबा में आयोजित खेल महोत्सव में लगभग 350 बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
मैदान में गिल्ली डंडा, भंवरा, गेड़ी, फुगड़ी, कबड्डी और खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों के आयोजन ने खेल संस्कृति और बचपन की यादों को जीवंत कर दिया।
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और पारंपरिक खेलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अलग-अलग खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
11 खेल विधाओं में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह
खेल महोत्सव में गिल्ली डंडा, संखली, कबड्डी, लंगड़ी दौड़, खो-खो, रस्साकसी, फुगड़ी, भंवरा, गेड़ी, रस्सी कूद और कुश्ती सहित कुल 11 खेल विधाओं को शामिल किया गया।

प्रतियोगिताएं 9 से 14 वर्ष, 14 से 19 वर्ष तथा 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए आयोजित की गईं। मैदान में प्रतिभागियों की सक्रियता और खेलों के प्रति उत्साह आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
पारंपरिक खेलों से जुड़ती नई पीढ़ी
गिल्ली डंडा, भंवरा और गेड़ी जैसे खेल कभी ग्रामीण जीवन और बच्चों के मनोरंजन का अभिन्न हिस्सा हुआ करते थे। खेल महोत्सव में इन विधाओं को शामिल कर नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक खेल विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया गया। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, आपसी सहयोग, अनुशासन और सामाजिक जुड़ाव का महत्वपूर्ण आधार हैं।
टीम के सहयोग से आयोजन सफल
खेल गतिविधियों का संचालन 15 व्यायाम अनुदेशकों की टीम ने किया। विकासखंड क्रीड़ा प्रभारी सविता डंनसेना सहित उनकी टीम, ईआरसी, एबीओ और सीएसी के सहयोग से खेल महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर आयोजन में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, खेल विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
