क्षेत्र के विकास में बालको की भूमिका अहम : लखनलाल

कोरबा। औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय स्तर पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में बालको महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने दैहानपारा में लगभग 400 मीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ स्थानीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

भूमिपूजन समारोह में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और बालको के हेड कॉरपोरेट अफेयर्स एवं एडमिनिस्ट्रेशन कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।

समारोह में मंत्री लखनलाल देवांगन ने बालको की सामुदायिक विकास गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी आसपास के क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास में निरंतर योगदान दे रही है।

औद्योगिक गतिविधियों के साथ स्थानीय समुदाय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विकास की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दैहानपारा में सड़क निर्माण स्थानीय लोगों की सुविधा बढ़ाने और क्षेत्र के विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आवागमन होगा सुगम, सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
प्रस्तावित सड़क निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से दैनिक गतिविधियां आसान होंगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। कंपनी की सामुदायिक विकास परियोजनाओं में सामुदायिक भवन, सड़क, पुल, नाली निर्माण के साथ महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक कल्याण से जुड़े प्रयास भी शामिल हैं।

45 समुदायों में 100 से अधिक परिसंपत्तियों का विकास
बालको के अनुसार पिछले चार वर्षों में कंपनी ने 45 समुदायों में 100 से अधिक सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण एवं विकास किया है। इनमें सामुदायिक भवन, बच्चों के पार्क, सामुदायिक शौचालय, सड़क, पुल, नाली और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी का कहना है कि इन पहलों के माध्यम से स्थानीय समुदायों की जरूरतों को पूरा करने और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।