नदी-पहाड़ चढ कर प्रकृति से जुड़ी यूथ हॉस्टल टीम, विद्युत कंपनी के एसई ने बांटे प्रमाण पत्र

कोरबा। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की कोरबा यूनिट ने छत्तीसगढ़ राज्य स्तर पर वैश्विक अभियान ‘शांति के लिए हां’ में उत्साहपूर्ण भागीदारी निभाई। इस अभियान के तहत आयोजित 5 किलोमीटर वॉकाथॉन ने सभी सदस्यों को प्रकृति के करीब लाने का अनोखा अवसर प्रदान किया।

सदस्यों ने नदी पार करने, पहाड़ चढ़ने जैसी चुनौतीपूर्ण गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति के विविध तत्वों का अनुभव किया, जो पुराने और नए सदस्यों दोनों के लिए रोमांचक साबित हुआ।

आयोजन का मुख्य स्थल खेतार गांव और दिघारिनझूझा था, जहां मानसून ट्रेक, बाइक राइड और परोपकारी कार्यों का भी समावेश किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राज्य चेयरमैन संदीप सेठ ने किया, जिसमें लगभग 40 सदस्यों ने सक्रिय भाग लिया। खेतार गांव के स्कूली बच्चों को मिठाई, स्टेशनरी सामग्री वितरित कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया गया।

सदस्यों ने वाटर स्पोट्र्स, सामूहिक लंच, हाई-टी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लिया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दिखाते हुए सभी डिस्पोजेबल सामग्रियों का उचित निपटान सुनिश्चित किया गया।

कार्यक्रम में विशेष योगदान सक्रिय सदस्य पी.एल. मिरेन्द्र, कल्पना, स्वाति और त्रिभुवन का रहा। मुख्य अतिथि एवाई तोमर (विद्युत उत्पादन कंपनी के एसई) और विशिष्ट अतिथि एम.सी. सोनी ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समापन पर शिव कुमारी, श्रद्धा, बबली, मायरा, नविता, बेली, पद्मा, रितिका, अल्का, दीपेश, आरआर सोनी, कांति, आरएस साहू,डीआर साहू,राजकुमार,संजय, साधना, विजेश, रिया, विहान, विवान, कुंती, वंदना सहित कई नए व पुराने सदस्य उपस्थित रहे।

सचिव शैलेंद्र ने सभी का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल शांति और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित भी करेगा।