नो एंट्री के दौरान सड़क पर भारी वाहनों का जमावड़ा, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल

सीएसईबी चौक से इंदिरा स्टेडियम, तुलसी नगर होते हुए राताखार तक ट्रेलरों की कतार; संकरी सड़क पर जाम और हादसों का खतरा, दुर्घटना हुई तो जिम्मेदारी किसकी?

कोरबा। शहर की व्यस्त सड़कों पर यातायात व्यवस्था को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा हो गया है। सीएसईबी चौक पर सुबह के समय नो एंट्री लागू होने के दौरान भारी वाहन और ट्रेलर सड़क के दोनों ओर खड़े कर दिए जाते हैं। इसका असर प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम (ट्रांसपोर्ट नगर) से तुलसी नगर बिजली कार्यालय होते हुए राताखार और दर्री की ओर जाने वाले मार्ग पर साफ दिखाई दे रहा है। सड़क का बड़ा हिस्सा भारी वाहनों की पार्किंग की चपेट में होने से आवागमन के लिए जगह कम पड़ जाती है। इससे जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है।

इस मार्ग पर गुरुद्वारा, सतनाम प्रांगण, डेयरी और बिजली कार्यालय के अलावा हरि किशन पब्लिक स्कूल, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल तथा कौशिल स्कूल जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थान स्थित हैं। पंप हाउस, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर और राताखार बस्ती की बड़ी आबादी भी इसी सड़क से आवागमन करती है। सुबह के समय जब सैकड़ों बच्चे स्कूल-कॉलेज जाने के लिए निकलते हैं और लोग अपने कामकाज पर जाते हैं, उसी दौरान सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। ऐसे में बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को ट्रेलरों के बीच से निकलने में जोखिम उठाना पड़ता है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के कारण गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों का आरोप है कि हादसों के बाद यातायात पुलिस और प्रशासन कुछ दिनों तक सख्ती दिखाते हैं, लेकिन स्थिति सामान्य होते ही फिर वही अव्यवस्था लौट आती है।

सड़क किनारे अतिक्रमण और भारी वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।

क्षेत्रवासियों का सवाल है कि नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों को सड़क पर खड़ा रहने देने की स्थिति क्यों बन रही है? यदि किसी दिन इन वाहनों की वजह से कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मांग की है कि सीएसईबी चौक से राताखार तक सड़क पर खड़े ट्रेलरों को तत्काल हटवाया जाए, अवैध कब्जों पर कार्रवाई की जाए और नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक पार्किंग स्थल निर्धारित किया जाए। साथ ही स्कूलों के आसपास सुबह के समय यातायात व्यवस्था दुरुस्त कर बच्चों और आम राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।