16 हजार एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 20वें दिन भी जारी, नवा रायपुर में जल सत्याग्रह की चेतावनी

रायपुर।छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के 16 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 18 अगस्त से लगातार जारी है। अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। 20 दिन से चल रही हड़ताल के बीच कर्मचारियों ने अब सोमवार से नवा रायपुर में जल सत्याग्रह शुरू करने की घोषणा की है।

हड़ताली कर्मचारियों की नाराजगी उस समय और बढ़ गई, जब सरकार ने 25 एनएचएम कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। इसके जवाब में कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपा, जिसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है। रायपुर जिला एनएचएम संघ के संगठन मंत्री अमन दास ने बताया कि कर्मचारियों का गुस्सा चरम पर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं की, तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा और मंत्रियों-विधायकों के घरों के बाहर उग्र प्रदर्शन होंगे।

हड़ताल के कारण प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में, पूरी तरह चरमरा गई है। कई स्वास्थ्य केंद्रों पर ताला लटक गया है, जिससे गरीब मरीजों को उपचार के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार हड़ताली कर्मचारियों पर काम पर लौटने का दबाव बना रही है, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हैं और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय चाहिए।