हाथियों का उत्पात, खेतों में धान की फसल तहस-नहस, 17 ग्रामीण प्रभावित

कोरबा।कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में सूरजपुर जिले से आए हाथियों के दो दलों ने मोरगा और सलईगोट गांव में भारी नुकसान पहुंचाया है। बीती रात 12 हाथियों का दल मदनपुर से आगे बढ़कर मोरगा क्षेत्र में पहुंचा, जबकि 26 हाथियों का एक अन्य दल सफोदा बीट के सलईगोट गांव में घुस गया। सलईगोट में 26 हाथियों के दल ने खेतों में जमकर उत्पात मचाया और 17 ग्रामीणों की धान की फसल को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों में फसल देखने पहुंचे, तो उन्होंने फसलों को तहस-नहस पाया। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मोरगा पहुंचने से पहले 12 हाथियों के दल ने भी रास्ते में कई किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा, एतमानगर रेंज के मड़ई क्षेत्र में भी 26 हाथियों का एक अन्य दल सक्रिय है, जो लगातार खेतों में घुसकर फसलों को रौंद रहा है।

हाथियों के लगातार उत्पात से क्षेत्र के किसान परेशान हैं। फसलों के नुकसान ने उनकी आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। वन विभाग ने स्थिति पर नियंत्रण के लिए निगरानी तेज कर दी है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है।