रेलवे क्रॉसिंग के पास नशे में धुत युवकों की मारपीट, दुकानदार गंभीर रूप से घायल

कोरबा।कोतवाली थाना क्षेत्र के रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार रात हुई एक हिंसक घटना में मंचूरियन दुकान चलाने वाले राजू कुमार चंद्रवंशी (52) गंभीर रूप से घायल हो गए। शराब के नशे में तीन युवकों ने पुराने विवाद को लेकर उनसे गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़ित के बेटे सनी चंद्रवंशी ने किसी तरह अपने पिता को बचाया और उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे राजू अपनी दुकान पर थे, जब चंद्रशेखर और उसके दो साथी नशे की हालत में वहां पहुंचे। पुराने विवाद को लेकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर मारपीट पर उतर आए। सनी ने बताया कि पिता की चीख सुनकर वह मौके पर पहुंचा, तब तक दो हमलावर फरार हो चुके थे, लेकिन चंद्रशेखर को मौके पर पकड़ा गया। राजू को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज की, और चंद्रशेखर व उसके दो साथियों के खिलाफ अपराध पंजीकृत किया गया है। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। इस घटना से क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा।

भीड़भाड़ वाले इस इलाके में गणेश उत्सव के बाद नवरात्र और दीपावली जैसे त्योहारों के दौरान ऐसी घटनाएं आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।