डीजे सिस्टम पर पुलिस की सख्ती, दो सिस्टम जब्त, मामला दर्ज

कोरबा।कोरबा में नियमों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बीती रात लगभग 10 बजे पुलिस ने उत्सव के नाम पर तय मानकों से अधिक डेसिबल में डीजे बजाने वाले दो सिस्टम, विकास डीजे सीतामणी और गिरीश डीजे बालको, को वाहनों सहित जब्त कर लिया। इनके खिलाफ कोलाहल अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र में रात के समय गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकाले जा रहे थे, जिससे आसपास के क्षेत्र में शोर और अशांति फैल रही थी। डीजे सिस्टम की तेज आवाज और बेस के कारण सामान्य आवागमन बाधित हुआ और जन स्वास्थ्य को खतरा पैदा हुआ।

स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद डीजे संचालकों ने आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया और विवाद की स्थिति पैदा की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर संचालकों को फटकार लगाई और सिस्टम जब्त किए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि डीजे संचालकों को पहले ही नियमों और समय का पालन करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन मनमानी के चलते यह कार्रवाई जरूरी हो गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नवरात्र और दीपावली जैसे उत्सवों तक ऐसी सख्ती जारी रहेगी।