गांव में चौपाल बैठक के दौरान अभद्रता, युवक की पिटाई, पुलिस ने दर्ज की FIR

कोरबा।कोरबा जिले के सरहदी गांव में चौपाल पर चल रही एक बैठक के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब विकास उर्फ भोंकू नामक युवक ने दो महिलाओं के साथ विवाहेत्तर संबंध का दावा करते हुए अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी हरकतों से तंग आकर परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने छेड़छाड़ के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, साथ ही मारपीट के मामले में भी FIR दर्ज की गई है।

घटना कोरबी पुलिस चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, विकास उर्फ भोंकू, जो हाल ही में अनाचार के मामले में जेल से रिहा हुआ था, गांव में दो महिलाओं के साथ विवाहेत्तर संबंध होने की अफवाह फैलाता था। इससे परेशान महिलाओं और उनके परिजनों ने गांव के मुखिया और अन्य लोगों को इसकी शिकायत की। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए गांव के चौपाल में एक बैठक बुलाई गई, जिसमें पीड़ित महिलाएं, उनके परिजन, और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

बैठक के दौरान विकास वहां पहुंच गया। जब उससे उसका पक्ष पूछा गया, तो उसने फिर से महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां शुरू कर दीं। ग्रामीणों ने उसे शांत करने की कोशिश की, लेकिन उसकी उल्टा-पुल्टा व्यवहार से नाराज परिजनों ने उसे सबक सिखाने के लिए पिटाई कर दी। इसके बाद परिजनों ने कोरबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबी पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास को गिरफ्तार कर लिया। छेड़छाड़ के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए, और वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही, विकास की शिकायत पर मारपीट करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। मारपीट में विकास को चोटें आई हैं।

इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास की हरकतों से पूरा गांव तंग आ चुका था। वह कुछ महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था और फिर से ऐसी हरकतों में लिप्त हो गया था। ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। यह घटना समाज में महिलाओं के खिलाफ अभद्र व्यवहार और सामाजिक तनाव की गंभीर समस्या को उजागर करती है।