पाली-चैतुरगढ़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, तीन घायल

कोरबा।पाली-चैतुरगढ़ मुख्य सड़क मार्ग पर रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें बनबांधा निवासी अन्नू सिंह (पिता सहदेव) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे की सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतक अन्नू सिंह ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

जानकारी के अनुसार, अन्नू सिंह अपने दोस्तों के साथ पाली में किसी काम से आया था और घर लौटते समय यह हादसा हुआ। इस अचानक हुई घटना ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का प्रमुख कारण रही। पाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस ने हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता की आवश्यकता को रेखांकित करता है।