हसदेव महाआरती में उमड़े सैकड़ों पर्यावरण प्रेमी, नदी संरक्षण का लिया संकल्प

कोरबा। नदी संरक्षण और संवर्धन की भावना से नमामि हसदेव संगठन ने भादो पूर्णिमा पर कोरबा के सर्वमंगला घाट में हसदेव महाआरती की। यजमान सहित सैंकड़ों पर्यावरण प्रेमी यहां उपस्थित रहे। मुख्य यजमान भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल ने आरती में सहभागिता की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से वे आते है। बचपन के काफी वर्ष हसदेव के आसपास बीते है। अभी की स्थिति में हसदेव में आचमन और स्नान करने में दिक्कतें है। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा नदी को निर्मल बनाने का जो प्रयास किया जा रहा है, उसमें भारतीय मजदूर संघ तन, मन और धन से सहयोग करेगा।

विशिष्ट यजमान के रूप में हेमन्त माहुलीकर, नरेश कुमार अग्रवाल, सुश्री जया मिश्रा और सुश्री ऋतु चौरसिया उपस्थित थे। समिति ने स्पष्ट किया कि आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि हसदेव नदी और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा जनमानस में जल संरक्षण की चेतना जगाने का प्रयास है।

संयोजक रणधीर पाण्डेय ने कहा कि दो वर्ष से हमारी कोशिश जारी है। हम चाहते हैं कि कोरबा जिले का हर व्यक्ति इस अभियान से जुड़े ताकि हम हसदेव नदी को आदर्श स्थिति में ला सके।