कोरबा। एसईसीएल के दीपका क्षेत्र में MTK-02 पोस्ट पर हाजिरी प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश फैल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से प्रबंधन द्वारा MR और DR श्रेणी के कर्मचारियों की हाजिरी एक केबलमैन (एम्प्लॉयी कोड: 24912006, पद: केबलमैन कैटेगरी-ई) से लगवाई जा रही है। कर्मचारी इस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं, क्योंकि इसके लिए अब तक कोई आधिकारिक ऑफिस ऑर्डर जारी नहीं हुआ है।
कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की अनियमितता से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। वे आरोप लगाते हैं कि प्रबंधन बिना किसी लिखित आदेश के मनमानी कर रहा है। एक कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “यह प्रक्रिया पूरी तरह गैर-कानूनी लगती है। हाजिरी जैसे संवेदनशील कार्य के लिए सक्षम व्यक्ति की तैनाती जरूरी है, लेकिन यहां केबलमैन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।”
मुख्य विवाद का केंद्र MTK पोस्ट का सांविधिक (स्टेट्यूटरी) दर्जा है। कोल इंडिया के नियमों के अनुसार, इस पद पर कार्य करने के लिए ग्रेड-II क्लर्क का होना अनिवार्य है। यदि तैनात व्यक्ति लिपिक नहीं है, तो उसका आधिकारिक प्राधिकरण (ऑथराइजेशन) भी मान्य नहीं माना जा सकता।
दीपका खदान में कुल तीन MTK पोस्ट हैं, जहां करीब 12 हाजिरी बाबू कार्यरत हैं। फिर भी, किसी अन्य श्रेणी के कर्मचारी से हाजिरी प्रक्रिया कराने को कर्मचारी नियमों का उल्लंघन बता रहे हैं।
श्रमिक संगठनों ने भी इस मुद्दे को उठाया है। एक संगठन के प्रतिनिधि ने कहा, “यह पारदर्शिता पर सीधा सवाल है। बिना नियमों के ऐसी व्यवस्थाएं थोपना गलत है। यदि जल्द स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो असंतोष और बढ़ेगा।”
गौरतलब है कि दीपका क्षेत्र में ऐसे कई अनियमित मामले चल रहे हैं, जो बिना किसी औपचारिक आदेश के लागू कर दिए गए हैं। कर्मचारी और यूनियनें मांग कर रही हैं कि प्रबंधन इस मामले में पारदर्शी कार्रवाई करे, वरना आंदोलन की नौबत आ सकती है।
प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। मामला गंभीर होने से एसईसीएल उच्च अधिकारियों का ध्यानाकर्षण अपेक्षित है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

