बांगो पुलिस की ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियम विरुद्ध डीजे वाहन जब्त

बांगो। ध्वनि प्रदूषण और नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए बांगो पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को ग्राम पचरा में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान नियमों की अनदेखी कर डीजे बजाने वाले वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया।

बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि बार-बार समझाइश और चेतावनी के बावजूद कुछ डीजे संचालक मनमानी कर रहे थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

जब्त वाहन प्रशांत कुमार चौहान (24 वर्ष, निवासी बांधापारा, थाना बांगो) के नाम से पंजीकृत है।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण को रोकने और आम नागरिकों की शांति बनाए रखने के लिए पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर शोरगुल और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे अनावश्यक शोर पर नियंत्रण होगा और शांति व्यवस्था बनी रहेगी।