कोरबा।जिले के पुलिस विभाग पर दुखों का साया मंडरा रहा है। बीते तीन दिनों में पांच असामयिक मौतों ने पूरे पुलिस परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।
रविवार को पुलिस लाइन कोरबा में पदस्थ 27 वर्षीय युवा कांस्टेबल सुरेंद्र लहरे का हृदयघात से अचानक निधन हो गया। बालको सेक्टर-3 में रहने वाले सुरेंद्र की अकाल मृत्यु ने विभाग को स्तब्ध कर दिया।
यह दुखद घटना तब हुई जब पुलिस परिवार पहले से ही शोक में डूबा था। 24 घंटे पहले ही पुलिस कर्मियों के तीन बच्चों की तालाब में डूबकर दर्दनाक मृत्यु हुई थी। इस हादसे का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ था कि पूर्व पुलिस निरीक्षक मंजूषा पांडे के निधन की खबर ने विभाग को और झकझोर दिया। अब युवा कांस्टेबल सुरेंद्र लहरे की मौत ने पुलिस परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
साथी जवानों का कहना है कि सुरेंद्र एक होनहार और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे, और इतनी कम उम्र में उनका चले जाना असहनीय है। पुलिस लाइन में गमगीन माहौल है, और परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। जिले भर के पुलिस अधिकारी और जवान शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं।
यह समय कोरबा पुलिस विभाग के लिए गहरी पीड़ा और संवेदनाओं का है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















