क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन आज

कोरबा। कोरबा-पश्चिम के एचटीपीपी लाल मैदान में 7 सितंबर को सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक सीनियर, अंडर-23 और अंडर-19 क्रिकेट टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को बीसीसीआई, सीएससीएस और केडीसीए के टूर्नामेंट, ट्रेनिंग कैंप और सेलेक्शन मैचों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ क्रिकेट बोर्ड के पर्यवेक्षकों और चयनकर्ताओं की निगरानी में होगी।

इस दौरान प्रदेश क्रिकेट संघ से राजेश शुक्ला, केडीसीए से विशेष पर्यवेक्षक मोती पटेल, चयनकर्ता विशाल दुबे, भूपेंद्र भूषण, मोहम्मद वसीम, अजय राय, जिला क्रिकेट संघ के सचिव अखिलेश मणि तिवारी, कोषाध्यक्ष छतलाल यादव, सह-सचिव जीत सिंह और वरिष्ठ खिलाड़ी रतन भारिया, बलबीर सिंह, प्रेम साहू मौजूद रहेंगे।

खिलाड़ियों का चयन उनके क्रिकेट कौशल, जिसमें बैटिंग, बॉलिंग, विकेटकीपिंग, फील्डिंग और फिजिकल टेस्ट शामिल हैं, के आधार पर किया जाएगा। अंतिम 20 सदस्यीय जिला टीम का चयन सेलेक्शन मैच के प्रदर्शन के आधार पर होगा।