एकलशिक्षकीय स्कूल में नई शिक्षिका की नियुक्ति, बच्चों की पढ़ाई अब नियमित

कोरबा। पाली ब्लॉक के ग्राम परसदा स्थित प्राथमिक शाला लाइन पारा में लंबे समय से एकलशिक्षकीय व्यवस्था के कारण पढ़ाई में आ रही बाधा अब दूर हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दिशा-निर्देशन में शुरू की गई युक्ति युक्तकरण प्रक्रिया के तहत इस स्कूल में नई शिक्षिका की नियुक्ति की गई है।

34 विद्यार्थियों वाले इस स्कूल में पहले केवल एक शिक्षक, प्रधानपाठक नोहर प्रसाद साहू, थे, जिसके कारण पढ़ाई प्रभावित होती थी। अब युक्ति युक्तकरण के तहत शिक्षिका नेमी जायसवाल की नियुक्ति से बच्चों की पढ़ाई नियमित हो गई है।

श्रीमती जायसवाल, जो पहले पाली ब्लॉक के एक अन्य स्कूल में तैनात थीं, ने जून 2025 में इस स्कूल में नियमित शिक्षिका के रूप में कार्य शुरू किया। वह कक्षा एक से तीन तक नियमित कक्षाएँ ले रही हैं।

छात्राओं मानसी, पायल (कक्षा चौथी) और पुनिशा (कक्षा पहली) ने बताया कि नई मैडम के आने से उनकी पढ़ाई अब नियमित और बेहतर हो रही है। युक्ति युक्तकरण प्रक्रिया से जिले के कई शिक्षकविहीन और एकलशिक्षकीय स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति हुई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा की राह आसान हुई है।