बांगो बांध के गेट बंद करने की प्रक्रिया शुरू, पानी की आवक में कमी

कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध में पानी की आवक कम होने के साथ ही बांध के गेट बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र निखरा ने बताया कि शनिवार शाम 5:55 बजे जलस्तर 357.70 मीटर तक पहुंच गया, जिसके बाद गेट संख्या 8, जो 0.5 मीटर खुला था, बंद कर दिया गया। इससे रेडियल गेटों से पानी का डिस्चार्ज 14695 क्यूसेक से घटकर 11756 क्यूसेक हो गया।

वर्तमान में गेट संख्या 4, 5, 6 और 7 खुले हैं, जबकि जलविद्युत संयंत्र की तीन इकाइयाँ पूरी क्षमता से चल रही हैं, जो 9000 क्यूसेक पानी छोड़ रही हैं। इस प्रकार, बांध से कुल डिस्चार्ज 20756 क्यूसेक है। अधिकारियों ने बताया कि पानी की आवक में और कमी होने पर आवश्यकतानुसार शेष गेटों से डिस्चार्ज कम या बंद किया जाएगा।