गणेश विसर्जन के दौरान दुखद हादसा, पुलिस कॉलोनी के तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत

कोरबा के रिसदी गांव स्थित तालाब में गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में पुलिस लाइन कॉलोनी में रहने वाले तीन पुलिस कर्मियों के बेटों की डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कोसाबाड़ी से रिसदी मार्ग पर स्थित पुलिस लाइन कॉलोनी के तीन बच्चे अपने साथियों के साथ गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए रिसदी तालाब गए थे। विसर्जन के बाद नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। उच्च पुलिस अधिकारी और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां से शवों को बरामद किया गया।

इस दुखद घटना ने पूरे पुलिस कॉलोनी और कोरबा नगर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्यवाही जारी है।

स्थानीय लोग तालाबों में सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर सवाल उठा रहे हैं।