कोरबा-उरगा।विद्युत वितरण विभाग की लापरवाही ने कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कराईनारा गांव में एक दुखद हादसे को जन्म दिया। बुधवार को गणेश विसर्जन के दौरान 19 वर्षीय कमलेश महंत की जर्जर बिजली के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
कमलेश महंत गांव में आयोजित भगवान श्री गणेश के विसर्जन कार्यक्रम में अन्य लोगों के साथ शामिल था। नाचते-गाते समय थककर वह एक बिजली के खंभे के पास चबूतरे पर बैठ गया। इस खंभे के ऊपर से गुजर रहा जर्जर और करंट प्रवाहित तार अचानक टूटकर कमलेश के ऊपर गिर गया। बिजली का जबरदस्त झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तुरंत चांपा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में विद्युत वितरण विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जर्जर तारों को ठीक करने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने उनकी शिकायतों को अनदेखा किया। मजबूरी में ग्रामीण अपने स्तर पर तारों को जैसे-तैसे ठीक कर काम चला रहे थे। इस लापरवाही का खामियाजा कमलेश को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा।
हादसे के बाद गांव में शोक के साथ-साथ विद्युत विभाग के खिलाफ गुस्सा भी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते तारों की मरम्मत की गई होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। विभाग की उदासीनता ने एक युवा की जिंदगी छीन ली और परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाई।
इस घटना ने विद्युत वितरण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जर्जर तारों को तत्काल ठीक किया जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















