सुकमा।बस्तर संभाग के सुकमा जिले में एक बार फिर छात्रावास में बच्चों के भोजन से जुड़ी गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। मानकापाल के बालक आश्रम में छात्रों को केवल नमक और चावल परोसने की शिकायत ने जिला प्रशासन को हिलाकर रख दिया। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब हाल ही में जिले के एक अन्य छात्रावास में बच्चों के खाने में फिनाइल मिलने की घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया था।
जिला प्रशासन ने लिया त्वरित संज्ञान
शिकायत मिलते ही कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर सहायक आयुक्त हेमंत सिन्हा और मंडल संयोजक ने तत्काल मानकापाल बालक आश्रम पहुँचकर मामले की जाँच की। जाँच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद प्रभारी अधीक्षक जय प्रकाश बघेल पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अधीक्षक पर निलंबन की गाज
जाँच में पाया गया कि प्रभारी अधीक्षक जय प्रकाश बघेल ने पदीय कर्तव्यों में घोर लापरवाही बरती और सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन किया। इसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सुकमा रहेगा, और वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे। मामले में विभागीय जाँच भी शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर ने दी कड़ी चेतावनी
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने साफ शब्दों में कहा कि आश्रमों और छात्रावासों में बच्चों के भोजन, स्वास्थ्य और देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि छात्रावासों और आश्रमों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बार-बार सामने आ रही लापरवाही
यह पहली बार नहीं है जब सुकमा के छात्रावासों में भोजन से जुड़ी लापरवाही सामने आई हो। बीते दिनों एक अन्य छात्रावास में बच्चों के खाने में फिनाइल मिलने की घटना ने प्रशासन को शर्मसार किया था। इन घटनाओं ने बच्चों की सुरक्षा और पोषण के प्रति प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएँगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

