अंबिकापुर।बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चपोता में रेड़ नदी के किनारे मिली व्यवसायी शिवराज सिंह की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या का मुख्य आरोपित सियाचंद वैश्य (43) ने कर्ज के दबाव में चाकू से वार और गला दबाकर शिवराज की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
30 अगस्त को मिली थी लाश
30 अगस्त 2025 को ग्राम चपोता के रेड़ नदी के किनारे पानी में सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के ग्राम पंडरी निवासी व्यवसायी शिवराज सिंह का शव मिला था। शव से 50 मीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल, शव को घसीटने के निशान, संघर्ष के चिह्न और एक टूटा हुआ चाकू का हत्था भी बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानकर जांच शुरू की।
कर्ज विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित सियाचंद वैश्य ने शिवराज से 7.50 लाख रुपये उधार लिए थे, जो ब्याज सहित बढ़कर 15 लाख रुपये हो गए थे। शिवराज लगातार पैसे वापसी का दबाव बना रहा था, जिससे परेशान सियाचंद ने हत्या की योजना बनाई। मृतक के स्वजन ने बताया कि सियाचंद ने केवल 1.50 लाख रुपये ही लौटाए थे।
कैसे दी हत्या को अंजाम?
पुलिस पूछताछ में सियाचंद ने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि उसने एक दिन पहले सिंगरौली के “वैष्णो बर्तन भंडार” से चाकू खरीदा था। 30 अगस्त को शिवराज और सियाचंद चपोता में जमीन देखने के बहाने मिले। सियाचंद मृतक की बाइक पर पीछे बैठकर रेड़ नदी के किनारे पहुँचा। वहाँ चाकू से हमला करने की कोशिश में छीना-झपटी हुई, चाकू टूट गया और दोनों को चोटें आईं। इसके बाद सियाचंद ने शिवराज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नदी में फेंक दिया।
हत्या के बाद लूटे 50 हजार रुपये
हत्या के बाद सियाचंद ने शिवराज की जेब से 50,000 रुपये निकाले, अपने खून से सने कपड़े झाड़ियों में फेंके और अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट गया। वहाँ कपड़े बदलकर वह सामान्य रूप से स्कूल पढ़ाने चला गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हेलमेट, मोबाइल और लूटे गए 50,000 रुपये बरामद किए।
पुलिस की सक्रियता से सुलझा मामला
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में एसडीओपी वाड्रफनगर रामअवतार ध्रुव और पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर सियाचंद को चिह्नित किया। पर्याप्त सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है, साथ ही इस घटना ने कर्ज विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















