कोरबा। कोरबा जिला शासकीय विद्यालय संगठन के अध्यक्ष अक्षय दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देशभर के स्कूलों में पेरेंट्स ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू करने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि इस पहल से स्कूल न केवल शिक्षा बल्कि संस्कारों का केंद्र भी बन सकेंगे।
दुबे ने पत्र में कहा कि आज की शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। बच्चों के सर्वांगीण विकास में स्कूल और घर दोनों की भूमिका अहम है। लेकिन कई अभिभावक बच्चों की तुलना सफल व्यक्तियों से करते हैं, और ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श व्यक्तियों की कमी के कारण उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। यदि अभिभावक स्वयं पर्याप्त शिक्षित नहीं हैं, तो बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार देना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि पेरेंट्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के जरिए अभिभावकों को बच्चों को सकारात्मक माहौल, अनुशासन, समय प्रबंधन, संस्कार, मोबाइल व सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचाव, प्रतिभा पहचान और देशप्रेम जैसे मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रशिक्षित किया जाए।
दुबे ने बताया कि उनके संगठन, एके विकासशील, पहले से ही ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावक जागरूकता और बच्चों के लिए कैरियर मार्गदर्शन कार्यशालाएं आयोजित कर रहा है, जिनका सकारात्मक प्रभाव दिखा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि इस कार्यक्रम को सरकारी स्तर पर विशेष योजना के रूप में लागू किया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और परवरिश की गुणवत्ता में सुधार हो। दुबे का विश्वास है कि यह पहल राष्ट्र को और सशक्त बनाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस सुझाव पर विचार कर ठोस कदम उठाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















