कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 25 दिन के नवजात शिशु की मौत के बाद आक्रोशित मामा ने मेडिकल स्टोर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
इस घटना में दुकान में रखा सामान, फर्नीचर, दवाइयां और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी से लगभग 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना का विवरण
पाली क्षेत्र के बतरा रोड पर स्थित मेडिकल स्टोर का संचालन कन्हैया लाल यादव करता है। सोमवार दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील साहू बोतल में पेट्रोल लेकर दुकान पर पहुंचा और उसने दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
उस समय दुकान मालिक कन्हैया लाल यादव दुकान के पीछे के हिस्से में खाना खा रहे थे, जबकि दुकान में स्टाफ मौजूद था। अचानक हंगामे और धुएं को देखकर कन्हैया दुकान की ओर भागा, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। आसपास के लोगों ने मदद कर आग बुझाने की कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लाखों का नुकसान
आगजनी की इस घटना में दुकान के फर्नीचर, कुर्सियां, काउंटर, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर और बड़ी मात्रा में दवाइयां जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, कुल नुकसान 4 से 5 लाख रुपये के बीच बताया जा रहा है।
नवजात की मौत से भड़का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुनील साहू अपने 25 दिन के भांजे के लिए इसी दुकान से दवाई लेकर गया था। दवा खाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। नवजात की मौत से गुस्साए मामा ने मेडिकल स्टोर को जिम्मेदार मानते हुए आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सुनील साहू के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे की मौत दवाई के कारण हुई या किसी अन्य वजह से। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही दवाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
