रायपुर।राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक स्थित बेबीलोन टावर में मंगलवार रात करीब 9 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग टावर की सातवीं मंजिल पर स्थित सांगरिया रेस्टोरेंट में फैल गई, जहां उस समय करीब 40 लोग मौजूद थे। धुएं और आग की चपेट में आने से सात लोग फंस गए, जिन्हें बचाव दल ने तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाला। धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत होने पर सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
आग का फैलाव और अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले लिफ्ट के केबल में लगी और तेजी से पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गई। इस दौरान पूरे टावर में धुआं भर गया, जिससे रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग भागने में सफल रहे, लेकिन सात लोग धुएं और आग की वजह से फंस गए। धुएं के प्रभाव से कुछ लोगों की हालत गंभीर हो गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
प्रशासन और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई
आग की सूचना मिलते ही कलेक्टर गौरव सिंह, एसएसपी लाल उम्मेद सिंह और एसडीएम नंदकुमार चौबे मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की कमान संभाली। फायर ब्रिगेड की टीम ने कई दमकल गाड़ियों के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
तीन दोस्तों का साहसिक कदम
हादसे के दौरान पूर्व में नगर निगम की एसडीआरएफ टीम में कार्यरत तीन दोस्तों माधव अन्ना,आकाश और सोमेश ने बचाव दल से पहले पहुंचकर कई लोगों की जान बचाई।
अपने कुछ मित्रों के फंसे होने की सूचना पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को गीले कपड़े से नाक ढकने की सलाह दी। इस निर्देश के बाद लोगों ने अपने कपड़े गीले कर नाक पर बांधे, जिससे धुएं से बचाव में मदद मिली।
कांच तोड़कर कूदने की थी तैयारी
फंसे हुए लोगों ने बताया कि वे घबराहट में कांच तोड़कर कूदने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बचाव दल और तीन दोस्तों की त्वरित कार्रवाई ने उनकी जान बचा ली। सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जांच शुरू, स्थिति नियंत्रण में
आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















