गणेश विसर्जन शोभा यात्रा में दर्दनाक हादसा, बोलेरो ने भीड़ को रौंदा, तीन की मौत, 20 घायल

जशपुरनगर। जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जरूडाड गांव में मंगलवार रात भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभा यात्रा के दौरान एक भयानक हादसा हो गया। चराईडांड-बगीचा स्टेट हाइवे पर एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन भीड़ में घुस गया, जिसके कारण एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए।

घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है, जब डेढ़ सौ ग्रामीण डीजे की धुन पर नाचते-गाते शोभा यात्रा में शामिल थे। इसी दौरान रायकेरा की ओर से आ रही बोलेरो (क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429) अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। हादसे में अरविंद करकेट्टा (19 वर्ष), विपिन प्रजापति (17 वर्ष) और खिरोवती यादव (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में 20 लोग घायल हुए, जिन्हें तत्काल बगीचा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल 18 लोगों, जिसमें वाहन चालक सुख सागर यादव भी शामिल है, को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने वाहन चालक सुख सागर यादव को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन मौके पर पहुंचे और घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस और प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मृतकों का पोस्टमार्टम शुरू कराया है। गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है, और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

यह कोई पहली घटना नहीं है। वर्ष 2021 में जशपुर के पत्थलगांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा के दौरान एक गांजा से भरे चार पहिया वाहन के अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस जाने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी और दर्जनभर लोग घायल हुए थे।

जिला प्रशासन और पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।