बांकीमोंगरा: उपाध्यक्ष गायत्री कंवर की तंबू में कार्यालय खोलने की मांग

कोरबा-बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की उपाध्यक्ष गायत्री कंवर ने कटघोरा एसडीएम से तंबू में कार्यालय संचालन की अनुमति मांगी है। उपाध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा कि उनके कार्यालय और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए पहले भी ज्ञापन सौंपा गया था। इस संबंध में 19 अगस्त 2025 को एसडीएम कार्यालय में त्रिपक्षीय वार्ता हुई थी, जिसमें एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया था। इस आश्वासन के आधार पर आंदोलन स्थगित किया गया था, लेकिन अब तक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

गायत्री कंवर ने एसडीएम से आग्रह किया है कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने तंबू में कार्यालय संचालन की अनुमति दी जाए।

उन्होंने कहा कि यह कदम जनता की शिकायतों को सुनने और उनका त्वरित निराकरण करने में सहायक होगा। इस मांग को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है, और सभी की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।