65 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका, पुलिस जांच शुरू

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम झोरकी पारा, पंचायत बतरा में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। गांव के एक खेत में 65 वर्षीय चंदर बाई श्याम का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा की टीम, जिसमें वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. राजश्री सिंह, महिला आरक्षक रूबिना बेगम और आरक्षक राजेश कुमार चंद्रा शामिल थे, ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने संदिग्ध साक्ष्य और सुराग एकत्र किए, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल भेजा गया है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। कई ग्रामीणों का मानना है कि यह साधारण मौत नहीं, बल्कि हत्या का मामला हो सकता है।

पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। इस घटना से झोरकी पारा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है, और ग्रामीण पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।