लागोस इंटरनेशनल में आकर्शी कश्यप ने जीता रजत, एनटीपीसी की मदद से बढ़ाया देश का मान

कोरबा। कोरबा की बेटी आकर्शी कश्यप ने लागोस इंटरनेशनल क्लासिक्स 2025 में रजत पदक जीतकर देश और जिले का नाम रोशन किया। एनटीपीसी की सीएसआर पहल के सहयोग से आकर्शी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में कोरिया की गा यून पार्क को हराया।

इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने इंडोनेशिया की उस खिलाड़ी को पराजित किया, जिससे वह पहले कैमरून में हार चुकी थीं।

फाइनल में लगातार चार कठिन मुकाबले खेलने के बावजूद आकर्शी ने जोरदार टक्कर दी, लेकिन स्वर्ण पदक से थोड़ा चूक गईं। उनकी इस उपलब्धि ने सभी को गौरवान्वित किया है। आकर्शी ने अपनी सफलता के लिए शुभचिंतकों और एनटीपीसी को धन्यवाद दिया।

आकर्शी की अगली चुनौती वियतनाम इंटरनेशनल सीरीज़ है, जो 9 से 14 सितंबर तक आयोजित होगी। उनके इस प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में उत्साह है और वे अगले टूर्नामेंट में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।