कोरबा। पोड़ीबहार स्थित अली पोल्ट्री फार्म में सोमवार रात एक 15 फीट लंबे विशालकाय अजगर के घुसने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अजगर ने एक मुर्गी को जिंदा निगल लिया और दूसरी को अपना शिकार बनाने की कोशिश में था। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब पोल्ट्री फार्म बंद होने के बाद सभी कर्मचारी अपने कमरों में सो रहे थे।
अचानक मुर्गियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर फार्म मालिक जाकद अली और कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। मौके पर पहुंचने पर देखा कि एक विशालकाय अजगर कुंडली मारकर बैठा था। गिनती करने पर पता चला कि एक मुर्गी गायब थी, जिसे अजगर ने निगल लिया था, जबकि दूसरी मुर्गी को वह निकाल रहा था, जो मृत पाई गई।
घटना की सूचना तुरंत स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी को दी गई। जितेंद्र ने मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित पकड़ा और उसे जंगल में छोड़ दिया। जाकद अली ने बताया कि इससे पहले भी फार्म में सांप देखे गए हैं, लेकिन इतना बड़ा और विशालकाय अजगर पहली बार देखा गया। उन्होंने कहा, “अगर समय रहते अजगर पर नजर नहीं पड़ती, तो और भी मुर्गियों को वह अपना शिकार बना सकता था।”
स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि पोल्ट्री फार्मों में इस तरह की घटनाएं आम हैं, क्योंकि सांप मुर्गियों को अपना शिकार बनाने के लिए आकर्षित होते हैं। उन्होंने कहा, “अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है, ताकि वहां वह अपने प्राकृतिक पर्यावरण में रह सके।”
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















