कटघोरा वनमंडल में हाथियों का उत्पात, फसलों को रौंदा, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा। कटघोरा वनमंडल के एतमानगर और केंदई रेंज में 26-26 की संख्या में घूम रहे हाथियों के झुंड ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। केंदई रेंज के लालपुर गांव में हाथियों ने 8 ग्रामीणों की धान की फसलों को रौंद दिया और एक ग्रामीण तीरथ प्रसाद के आंगन के अहाते को तोड़कर घर में घुसने की कोशिश की। समय रहते वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लगातार तीसरे दिन उत्पात, ग्रामीण परेशान

लालपुर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हाथियों का उत्पात जारी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। उधर, एतमानगर रेंज के बंजारी में 15 और पचरा में 11 हाथियों के झुंड ने भी खेतों में पहुंचकर फसलों को तहस-नहस कर दिया। बंजारी में 4 और पचरा में 2 ग्रामीणों की फसलों को नुकसान हुआ, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है।

वन विभाग की कार्रवाई और क्षतिपूर्ति की तैयारी

पीड़ित ग्रामीणों ने सुबह वन विभाग को नुकसान की सूचना दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और रिपोर्ट तैयार की, जिसे वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा जाएगा। अधिकारियों ने पीड़ित ग्रामीणों को क्षतिपूर्ति राशि देने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

वन विभाग ने हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में लगातार मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों को बड़ी संख्या में हाथियों के क्षेत्र में आने की जानकारी दी जा रही है ताकि वे सुरक्षित रहें।