मनमानी पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती: वाहन लॉक, 2500 का जुर्माना, अब कोर्ट करेगा कार्रवाई

कोरबा। कोरबा के मुख्य शहर में रेलवे क्रॉसिंग और दर्री रोड ओवरब्रिज के आसपास भारी वाहनों की मनमानी पार्किंग से बढ़ती समस्याओं को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

ट्रैफिक पुलिस ने एक मालवाहक वाहन (सीजी 04 एलजेड 2502) को गलत स्थान पर पार्क करने के लिए लॉक कर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही, चेतावनी दी कि अब ऐसी अनियमितताओं के मामले सीधे कोर्ट भेजे जाएंगे।

पुलिस के अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर इस क्षेत्र में पहले से ही यातायात की समस्या बढ़ जाती है। इसके बावजूद भारी वाहनों को क्रॉसिंग और ओवरब्रिज के नीचे मनमाने ढंग से खड़ा करने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद चालक लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके चलते छोटी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही है।

खासकर फेस्टिवल सीजन में कोरबा की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा हुआ है, जिसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब से ऐसी गाड़ियों पर सीधे जुर्माना नहीं लगाया जाएगा, बल्कि मामले को कोर्ट में भेजा जाएगा, जहां आगे की कार्रवाई होगी।

पुलिस ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करने की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।