सुधार गृह से चार किशोर फरार, प्रशासन ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

कोरबा। कोहड़िया स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह (बालक) से चार अपचारी किशोरों के फरार होने की घटना ने प्रशासन को हिलाकर रख दिया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अजीत वसंत ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं।

ज्वाइंट कलेक्टर कौशल तेंदुलकर को 30 दिनों के भीतर जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2025 को सुबह करीब 8:10 बजे चार किशोरों ने सुधार गृह के बाथरूम की वेंटिलेशन खिड़की तोड़कर परिसर से फरार हो गए। इस घटना की जांच के लिए प्रशासन ने कई बिंदुओं पर गहन पड़ताल के निर्देश दिए हैं।

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यह घटना किन परिस्थितियों में हुई, फरार होने के पीछे के कारण क्या थे, और क्या किशोरों को सुधार गृह में दाखिल होने से पहले या बाद में किसी प्रकार की शारीरिक यातना दी गई।

इसके अलावा, घटना की सूचना पुलिस को कब और किसके द्वारा दी गई, इसकी भी जांच होगी। जांच अधिकारी को अन्य आवश्यक बिंदुओं पर भी ध्यान देने को कहा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, और जांच के निष्कर्षों से इस मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।