कोरबा पुलिस की अवैध शराब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई: 15 दिन में 646 लीटर महुआ शराब जब्त, 44 गिरफ्तार

कोरबा। कोरबा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर नकेल कसने के लिए कोरबा पुलिस ने 16 से 31 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 646 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की।

पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में देसी और विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, इस 15 दिवसीय अभियान के तहत कुल 44 प्रकरण दर्ज किए गए। सबसे अधिक जब्ती थाना पाली से 10 प्रकरणों में 139 लीटर, हरदीबाजार से 4 प्रकरणों में 109 लीटर, कटघोरा से 4 प्रकरणों में 102 लीटर, उरगा से 6 प्रकरणों में 98 लीटर और दीपका से 10 प्रकरणों में 44 लीटर शराब शामिल है।

इसके अलावा कोरबी, बांकीमोंगरा, बांगो, करतला, सिविल लाइन, कोतवाली, मानिकपुर, जटगा और रजगामार थाना क्षेत्रों से भी अवैध शराब की खेप पकड़ी गई।

सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह रोकने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि इस अभियान से अवैध शराब के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा है और आगे भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।