कोरबा। कोरबा के सरकारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक 24 वर्षीय महिला नंदिनी साहू की मौत हो गई। कोहड़िया चारपारा निवासी नंदिनी का यह पहला प्रसव था, जिसमें उन्होंने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। डिलीवरी के कुछ घंटों बाद उनकी हालत बिगड़ गई और इलाज के बावजूद उनकी मृत्यु हो गई।
परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उचित इलाज और समय पर ध्यान न देने के कारण यह हादसा हुआ।
नंदिनी के पति कीर्तन साहू ने बताया कि अस्पताल स्टाफ ने उन्हें बार-बार भ्रमित करने वाली जानकारी दी और इधर-उधर भटकाया। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की सलाह पर नंदिनी की बच्चेदानी निकाली गई, लेकिन कई यूनिट रक्त की व्यवस्था करने के बावजूद उनकी पत्नी को बचाया नहीं जा सका। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण नंदिनी की जान गई।
वहीं,अस्पताल के अस्सिटेंट सुपरीटेंडेंट ने लापरवाही के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि सिजेरियन डिलीवरी के दौरान कई जटिलताएं थीं। उन्होंने बताया कि रक्तस्राव की मात्रा का अनुमान लगाना मुश्किल होता है, इसलिए अतिरिक्त रक्त की व्यवस्था करने को कहा गया था।
अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों की मांग पर मृतका का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा करवाया, जिसकी वीडियोग्राफी भी की गई। प्रबंधन ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना में साहू परिवार ने नंदिनी को खो दिया, जबकि उनके दोनों नवजात बच्चे स्वस्थ हैं और उनकी देखभाल की जा रही है। इस मामले में सच्चाई का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















