कोरबा रेलवे स्टेशन पर 12 फीट लंबे अजगर ने मचाया हड़कंप, स्नैक कैचर ने किया रेस्क्यू

कोरबा।कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 12 फीट लंबा अजगर रेंगता हुआ दिखाई दिया। अचानक विशालकाय सांप को देखकर स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, अजगर करीब आधे घंटे तक प्लेटफॉर्म और रेलवे ट्रैक पर इधर-उधर घूमता रहा। इस दौरान किसी ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तुरंत स्नैक कैचर की टीम को बुलाया। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ा और उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। बता दें कि कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहले भी एक कोबरा सांप देखा जा चुका है, जिसके बाद यह दूसरी ऐसी घटना है।

यह घटना स्टेशन पर सुरक्षा और आसपास के क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाती है। रेलवे प्रशासन और स्थानीय वन विभाग से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की जा रही है।