कोरबा में गणेश चतुर्थी की धूम, 6 स्थानों पर अनंत चतुर्दशी को होगा मूर्ति विसर्जन

कोरबा जिले में गणेश चतुर्थी का उत्सव बड़े उत्साह और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। नगर, उपनगरीय क्षेत्रों और जिले भर में भगवान गणपति की पूजा-अर्चना और उपासना में श्रद्धालु जुटे हुए हैं। हर ओर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। गणेश उत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी को मूर्तियों के विसर्जन के साथ होगा, जिसके लिए नगर निगम ने प्रशासन के साथ मिलकर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।

नगर पालिक निगम कोरबा ने मूर्ति विसर्जन के लिए छह स्थानों का चयन किया है, जिनमें कोरबा जोन के वार्ड क्रमांक 5 में एसएलआरएम सेंटर के सामने रेत घाट, परिवहन नगर जोन में पंप हाउस नदी किनारे, कोसाबाड़ी और रविशंकर नगर जोन में डेगूर नाला छठ घाट, बालको जोन में बेलगरी नाला छठ घाट राम मंदिर के पास, दर्री जोन में प्रगति नगर सर्वेश्वर मंदिर के पास, और सर्वमंगला नगर जोन में सर्वमंगला मंदिर के पास नदी घाट शामिल हैं।

निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने एडीएम देवेंद्र पटेल और एडिशनल एसपी व्हीके सिंह के साथ बैठक कर इन स्थानों पर विसर्जन कुंड, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगम ने पूजा समितियों, आयोजकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल इन निर्धारित स्थानों पर ही मूर्ति विसर्जन करें। यह व्यवस्था गणेश उत्सव के साथ-साथ आगामी विश्वकर्मा पूजा और दुर्गा पूजा के लिए भी लागू रहेगी।

सुरक्षा पर विशेष ध्यान
विसर्जन के दौरान भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। निगम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी विसर्जन स्थलों पर विसर्जन कुंड और बैरिकेडिंग के साथ-साथ पहुंच मार्ग की सफाई और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। इन स्थानों पर भविष्य में और व्यवस्थाएं जोड़ी जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।