डायल 112 चालकों की गुहार, 8 साल बाद भी कम वेतन और सुविधाओं की कमी

कोरबा। जिले में डायल 112 आपातकालीन सेवा के वाहन चालकों ने 8 साल की सेवा के बाद भी कम वेतन और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भत्ते और बेहतर कार्यस्थितियों की मांग करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।

डायल 112 कर्मचारी संगठन के अनुसार, नियुक्ति के समय चालकों को 8500 रुपये मासिक वेतन का आश्वासन दिया गया था, लेकिन नियोक्ता एजेंसी ने केवल 7432 रुपये का भुगतान किया। लंबे समय बाद वेतन में मामूली बढ़ोतरी हुई, जो 8200 रुपये तक सीमित रही। कर्मचारियों का कहना है कि अतिरिक्त घंटे काम करने के बावजूद उन्हें ओवरटाइम का लाभ नहीं मिल रहा।

कर्मचारी संगठन ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि 8 साल की सेवा किसी भी क्षेत्र में महत्वपूर्ण होती है, लेकिन उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने बताया कि अन्य असंगठित क्षेत्रों में कामगारों के वेतन और सुविधाओं में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि महंगाई के दौर में डायल 112 कर्मचारियों की मांगें अनसुनी हैं। संगठन ने सवाल उठाया कि आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे कर्मचारियों के हितों पर विचार कब होगा।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो उन्हें बार-बार प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।