गणेश उत्सव के दौरान असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग, AAP ने सौंपा ज्ञापन

कोरबा-दीपका। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दीपका नगर पालिका क्षेत्र, विशेष रूप से वार्ड क्रमांक 7 कृष्णा नगर में गणेश उत्सव के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा शांति भंग करने और अभद्र व्यवहार की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने दीपका थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर नियमित गस्त और शांति व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि दीपका के कृष्णा नगर सहित अन्य वार्डों में गणेश उत्सव के दौरान असामाजिक तत्व माताओं-बहनों और आम नागरिकों के साथ अभद्र भाषा का उपयोग कर रहे हैं। बुजुर्गों द्वारा समझाने पर ये तत्व धमकियां दे रहे हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो रही है। इससे लोगों को पूजा-पाठ और गणेश दर्शन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

नेशनल आम आदमी पार्टी के कटघोरा विधानसभा ब्लॉक अध्यक्ष धर्मदास गुप्ता (गांधी) ने दीपका थाना प्रभारी से समाज में उपस्थित इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और नियमित पुलिस गस्त के माध्यम से शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह कदम क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आवश्यक है।