कोरबा पुलिस का ऑपरेशन शांति: 24 घंटे में 64 वारंटियों की गिरफ्तारी, 14 लंबे समय से थे फरार

कोरबा।कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन शांति के तहत सजग कोरबा अभियान में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 64 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इनमें से 14 अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे। त्यौहारी सीजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधिक तत्वों पर नकेल कसने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।

इससे पहले अगस्त माह में भी एक दिवसीय अभियान के दौरान कोरबा पुलिस ने 103 गिरफ्तारी और स्थायी वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई कर अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया था। इस प्रकार, अब तक कुल 167 वारंटियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

अभियान का विवरण

आज की कार्रवाई में 50 अभियुक्तों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और 14 के खिलाफ स्थायी वारंट लंबित थे। विभिन्न पुलिस थानों ने इस अभियान में उल्लेखनीय योगदान दिया। कटघोरा और पाली थाना क्षेत्र की टीमों ने सर्वाधिक 6-6 गिरफ्तारी वारंट के खिलाफ कार्रवाई कर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। वहीं, कोतवाली, सिविल लाइन, और बाकीमोंगरा थाना की टीमों ने प्रत्येक 5-5 गिरफ्तारी वारंट के खिलाफ सफलता हासिल की।

स्थायी वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई में बालको, दीपका, और कटघोरा थाना की टीमों ने प्रत्येक 2-2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

पुलिस की जनता से अपील

कोरबा पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फरार अपराधियों की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाने में साझा करें। इससे इस अभियान को और अधिक सफल बनाने में मदद मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा, “ऑपरेशन शांति के तहत हमारा लक्ष्य अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई कर कोरबा में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जनता का सहयोग इस मुहिम को और मजबूती प्रदान करेगा।”